चरवाहे की संदिग्ध मौत के मामले में चक्का जाम करने वाले 6 नामजद सहित 50 अज्ञात पर केस दर्ज
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में रविवार को एक चरवाहे की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। कोलारस थाना पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में 6 नामजद और लगभग 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोलारस बस्ती निवासी 48 वर्षीय ब्रजभान लोधी शनिवार को बकरियां चराने गया था। रात तक जब वह घर नहीं लौटा, जबकि उनकी बकरियां वापस आ गईं, तब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह उनका शव NH-46 हाईवे के किनारे एक खेत में मिला।
हाईवे पर लगाया था जाम
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोलारस के एसडीओपी विजय यादव और थाना प्रभारी अजय जाट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद जाम को हटवाया।
पुलिस ने इस मामले में रूपेश लोधी, राहुल धाकड़, मोहन धाकड़, अरविन्द कुशवाह, अवदेश धाकड़, मदन धाकड़ सहित करीब 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस चरवाहे की मौत के कारणों की जांच कर रही है।
एक टिप्पणी भेजें